बलरामपुर। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए शनिवार को पुलिस और SSB की संयुक्त टीम ने इंडो-नेपाल बॉर्डर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सीमावर्ती गांवों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई।पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में SSB पटौली नाका, थाना हरैया और चौकी बघेलखण्ड, थाना कोतवाली जरवा की टीमों ने भीड़भाड़ वाले स्थानों और महत्वपूर्ण जगहों पर निगरानी बढ़ाई।
संदिग्धों की चेकिंग
अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि को रोका जा सके।टीम ने नेपाल सीमा से सटे गांवों में पहुंचकर लोगों को जागरूक भी किया। ग्रामीणों को मादक पदार्थों की तस्करी, मानव व गौ तस्करी और अवैध कटान जैसी गतिविधियों के खिलाफ सतर्क रहने को कहा गया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियानों से सीमा क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा और आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा।

