बलरामपुर। सहकारी गन्ना विकास समिति तुलसीपुर की वार्षिक सामान्य निकाय बैठक एमडीएम रिसोर्ट में आयोजित हुई। बैठक में किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और आगामी योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बलरामपुर विधायक पलटूराम और तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।बैठक में पिछली कार्यवाही की पुष्टि के साथ ही विगत वर्षों के लेखा परीक्षा प्रतिवेदन (1995-96 से 2023-24) और संतुलन पत्र पर विचार किया गया। साथ ही सहकारी वर्ष 2026-27 के बजट को मंजूरी दी गई।
समिति विकास को मिली हरी झंडी
समिति परिसर के विकास को लेकर कर्मचारी आवास, शौचालय और समरसेबल लगवाने के प्रस्ताव को हरी झंडी मिली। इसके अलावा स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज तुलसीपुर के छह कक्षों के पुनर्निर्माण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। बैठक में समिति परिसर में निर्मित सात दुकानों को नियमानुसार किराए पर आवंटित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। भाजपा नेता अन्नू सिंह ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।विधायक पलटूराम ने कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम का संचालन विष्णु देव गुप्ता ने किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, समिति अध्यक्ष मनराज सिंह, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शुक्ला, चीनी मिल के महाप्रबंधक ओमपाल सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
