बलरामपुर । सेंट ज़ेवियर डिज़्नी वर्ल्ड स्कूल में ग्रेजुएशन डे का भव्य समारोह बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. राजेश सिंह द्वारा मां सरस्वती की पूजा और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर पूरे स्कूल में सकारात्मक और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।मुख्य अतिथि डॉ. राजेश सिंह का स्वागत विद्यालय की सचिव सुजाता आनंद ने पुष्पगुच्छ और मोमेंटो देकर किया। निदेशिका इशिका, प्रधानाचार्य आसिम रूमी और सचिव सुजाता आनंद भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत स्कूल समन्वयक नीला घोष ने किया।

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में छात्रों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विशेष आकर्षण रहा बच्चों का नृत्य, जिसने सभी का ध्यान खींचा। बच्चों के आत्मविश्वास और प्रतिभा ने अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया।प्रमाण पत्र और पुरस्कार वितरण ग्रेजुएशन डे के अवसर पर कक्षा यूकेजी के बच्चों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. राजेश सिंह ने बच्चों की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का एक रोचक हिस्सा रहा खेल, जिसमें अभिभावकों को अपने बच्चों की आंखें पहचाननी थीं। इस गतिविधि ने सभी को आनंदित किया और अभिभावक-बच्चों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत किया।

टॉप छात्रों को दिया सम्मान
कक्षा 1 से 6 तक के छात्रों को उनके प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के अनुसार मेडल देकर सम्मानित किया गया। स्कूल प्रशासन ने इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।अंत में प्रिंसिपल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का धन्यवाद किया और कार्यक्रम की सफलता पर खुशी जताई। पूरे आयोजन में उत्साह, खुशी और गर्व का माहौल बना रहा। सेंट ज़ेवियर डिज़्नी वर्ल्ड स्कूल का ग्रेजुएशन डे समारोह बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए यादगार बन गया।

