बलरामपुर। जिले में 03 से 05 अप्रैल तक आयोजित होने जा रहे ‘बलरामपुर महोत्सव’ को लेकर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने मंगलवार को बड़ा परेड ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मंच, स्टॉल, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।महोत्सव जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसमें जनप्रतिनिधि, व्यापारी और उद्यमी संगठन, सामाजिक संस्थाएं और आम नागरिक सक्रिय रूप से भाग लेंगे। महोत्सव का उद्देश्य जिले की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन संभावनाओं को प्रदर्शित करना है।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महोत्सव के सभी कार्यक्रम उच्च सुरक्षा, स्वच्छता और सुव्यवस्था मानकों के अनुरूप हों। सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तैयारियां पूरी करने को कहा गया।

बच्चों और परिवारों के लिए खास आकर्षण
इस वर्ष महोत्सव में बच्चों और परिवारों के लिए कार्निवाल थीम आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। झूले, फन जोन, गेम्स और इंटरैक्टिव कार्यक्रम बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे।
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच
जानकारी के अनुसार, महोत्सव में स्थानीय गायन, नृत्य, अभिनय और अन्य कला विधाओं के कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे जिले की प्रतिभाओं को उजागर करने का मौका मिलेगा। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनेरगा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका बलरामपुर, जिला पर्यटन अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

