बलरामपुर। गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी राहत भरी पहल की है। अब प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) दिवस पर आने वाली गर्भवती महिलाओं को मुफ्त अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा दी जाएगी। यह व्यवस्था पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर लागू की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रत्येक माह की 1, 9, 16 और 24 तारीख को आयोजित पीएमएसएमए दिवस पर गर्भवती महिलाओं को वाउचर दिए जाएंगे। इन वाउचर के माध्यम से महिलाएं अपने क्षेत्र के ही निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर निशुल्क जांच करा सकेंगी।
अब नहीं लगाना पड़ेगा जिला अस्पताल का चक्कर
अब तक ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए जिला मुख्यालय आना पड़ता था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मशीन न होने के कारण उन्हें निजी केंद्रों पर 500 से 700 रुपये तक खर्च करने पड़ते थे। नई व्यवस्था से यह समस्या काफी हद तक दूर होगी।
37 स्वास्थ्य केंद्रों पर होगी निगरानी
जनपद के 37 सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पीएमएसएमए दिवस के दौरान गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं की निगरानी की जाएगी। इसके लिए अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो प्रत्येक माह तय तिथियों पर केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
50 से अधिक निजी केंद्र किए गए इम्पैनल्ड
जिले के नौ ब्लॉक क्षेत्रों में 50 से अधिक निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों को इम्पैनल्ड किया गया है। इन केंद्रों पर वाउचर के माध्यम से जांच कराई जा सकेगी। एक जांच के लिए निजी केंद्रों को शासन की ओर से 425 रुपये का भुगतान किया जाएगा।सीएमओ ने बताया कि इस योजना से खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को लाभ मिलेगा और उन्हें समय पर जांच की सुविधा मिल सकेगी।

