बलरामपुर। शनिवार को तहसील बलरामपुर में जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित व प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।डीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर शिकायत का समाधान तय समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो सके।भूमि विवाद और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को लेकर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करें और विवादों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
संवेदनशील गांवों में लगेगी चौपाल
जिलाधिकारी ने ऐसे गांवों की पहचान करने के निर्देश दिए, जहां भूमि विवाद के मामले अधिक हैं। इन गांवों में पुलिस और राजस्व विभाग द्वारा विशेष चौपाल आयोजित कर मौके पर ही समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।
कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण
समाधान दिवस के अंत में डीएम ने सभी प्राप्त प्रार्थना पत्रों की समीक्षा की। इस दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्देश दिया गया कि वे स्वयं स्थल निरीक्षण कर निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित करें। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे, एसडीएम बलरामपुर, सीओ सिटी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

