बलरामपुर। जिले में संचालित पीएम श्री विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता और संसाधनों की हकीकत परखने के लिए जल्द ही सघन निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। निरीक्षण अभियान के जरिए विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं के प्रभावी उपयोग और शिक्षा की गुणवत्ता की स्थिति को परखा जाएगा।जिले में कुल 19 पीएम श्री विद्यालय संचालित हैं, जिनमें परिषदीय, माध्यमिक विद्यालयों के साथ जवाहर नवोदय विद्यालय और केंद्रीय विद्यालय भी शामिल हैं। प्रत्येक ब्लॉक में चयनित विद्यालयों को उन्नत कर पीएम श्री योजना के तहत विकसित किया गया है।
डिजिटल शिक्षा व सुविधाओं की होगी जांच
इन स्कूलों में डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लास, इंटरनेट सुविधा, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराई जा रही है। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारी पीएम श्री विद्यालयों का निरीक्षण कर विद्यालयों में शैक्षिक गतिविधियों, छात्रों की उपस्थिति, स्वच्छता व्यवस्था और उपलब्ध संसाधनों का बारीकी से मूल्यांकन करेंगे। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि सरकार से मिले बजट का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप हो रहा है या नहीं।निरीक्षण अभियान में आत्मरक्षा प्रशिक्षण, शैक्षिक भ्रमण, विज्ञान व गणित क्लब, यूथ व इको क्लब, खेलकूद गतिविधियां और सामुदायिक सहभागिता जैसे कार्यक्रमों की भी समीक्षा की जाएगी।
व्यवस्थाओं पर प्रशासन की नजर
इसके अलावा प्रोजेक्ट आधारित लर्निंग, डिजिटल लाइब्रेरी, टीएलएम और कॅरिअर काउंसलिंग पर भी फोकस रहेगा। साथ ही स्मार्ट क्लास, छात्र उपस्थिति ट्रैकिंग, बाल वाटिका, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, पेयजल, ग्रीन स्कूल फीचर्स, एलईडी लाइट, फर्नीचर और आईसीटी लैब की स्थिति भी जांच के दायरे में रहेगी। पीएम श्री विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों और शैक्षिक गुणवत्ता का समग्र मूल्यांकन किया जाएगा। हमारा प्रयास है कि सभी विद्यालयों में बच्चों को बेहतर, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण मिले।
