बलरामपुर। नेपाल सीमा पर नशीली और प्रतिबंधित दवाओं के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त छापेमारी में अवैध दवाओं की एक बड़ी खेप बरामद की गई, और इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई बुधवार को एसएसबी 9वीं बटालियन, ड्रग इंस्पेक्टर सुमीत वर्मा और थाना हर्रैया पुलिस की संयुक्त टीम ने महादेव बांकी, खरवन बांध क्षेत्र में की। यह अभियान 15 अप्रैल को दोपहर 3 बजे शुरू होकर 16 अप्रैल को सुबह 3 बजे तक, कुल 12 घंटे से अधिक समय तक चला।छापेमारी के दौरान, टीम ने एक महिंद्रा पिकअप लोडर (UP 46T 6047) को रोका। वाहन की जांच में अल्प्राजोलाम, डाइसाइक्लोमाइन हाइड्रोक्लोराइड, ट्रामाडोल, एसीटामिनोफेन टैबलेट्स और कोडोडेक्स कफ सिरप जैसी अवैध दवाएं पाई गईं। वाहन में सवार गोविंद सोनी, आकाश कुमार श्रीवास्तव और चालक कपिल जायसवाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
11 लाख से अधिक की दवाएं जब्त
बरामद की गई दवाओं के कुल 35 बॉक्स थे, जिनकी अनुमानित कीमत 11,47,057 रुपये आंकी गई है। इसके अतिरिक्त, पांच दवाओं के नमूने परीक्षण के लिए सुरक्षित रखे गए हैं।गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 08/21, मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 और औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम, 1940 की धारा 18(सी), 18(बी) एवं 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। विस्तृत जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चला रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन निगरानी रखी जा रही है ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर बनी रहे।

