बलरामपुर । आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिली है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के प्रयासों से विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 3 करोड़ 63 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इससे शहर में पार्क, सड़क, घाट और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कई काम कराए जाएंगे।यह जानकारी अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी. सिंह बैस ने दी। उन्होंने बताया कि स्वीकृत धनराशि से नगर के कई वार्डों में विकास कार्य जल्द शुरू होंगे।
पूरब टोला में बनेगा पार्क, उपवन योजना से ₹1.42 करोड़ मंजूर
नगर के पूरब टोला वार्ड में शिव मंदिर के बगल स्थित क्षेत्र में पार्क निर्माण और विकास कार्य कराया जाएगा। इसके लिए उपवन योजना के तहत 1 करोड़ 42 लाख 66 हजार 924 रुपये स्वीकृत किए गए हैं।यहां हरियाली, बैठने की व्यवस्था, पाथवे और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे लोगों को बेहतर सार्वजनिक स्थल मिल सके। बंधन योजना के तहत भगवतीगंज दक्षिणी वार्ड स्थित शिव मंदिर परिसर के विकास के लिए 1 करोड़ 20 लाख 50 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।इस राशि से विश्राम स्थल, हवन कुंड, खाली प्रांगण में सीसी कार्य, घाट का सौंदर्यीकरण, जल निकासी व्यवस्था, बेंच और प्रकाश व्यवस्था जैसे काम कराए जाएंगे।
दो सड़कों के निर्माण को भी मंजूरी
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत नगर के चौक से मेजर चौराहा होते हुए काली माई स्थान तक सीसी रोड निर्माण के लिए 36 लाख 21 हजार 72 रुपये स्वीकृत किए गए हैं।इसके अलावा तुलसीपुर रोड से एमआरएफ तक सीसी रोड निर्माण के लिए 6 लाख 91 हजार 362 रुपये की मंजूरी मिली है।
जल्द शुरू होंगे निर्माण कार्य
नगर पालिका प्रशासन के मुताबिक सभी परियोजनाओं के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे नगरवासियों को बेहतर सड़क, पार्क और सार्वजनिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

