लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक को लेकर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि संसद में विपक्षी दलों का आचरण भारतीय इतिहास के उस दर्दनाक प्रसंग की याद दिलाता है, जब भरी सभा में द्रौपदी का चीरहरण हुआ था। यह केवल महिलाओं के सम्मान का अपमान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी आघात है।रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार ऐतिहासिक फैसले लिए गए, लेकिन विपक्ष ने हर सकारात्मक पहल का विरोध किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन विधेयक भी इसी मानसिकता का शिकार हुआ।मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध थी। इसके लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम में आवश्यक संशोधन लाकर वर्ष 2029 से इसे लागू करने की तैयारी थी, ताकि महिलाओं को शीघ्र राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिल सके।उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा स्पष्ट थी कि किसी वर्ग का अधिकार प्रभावित किए बिना महिलाओं को उनका हक दिया जाए, लेकिन विपक्ष ने इसे भी राजनीति का मुद्दा बना दिया।
नारी शक्ति वंदन विधेयक पर विपक्ष को घेरा
सीएम योगी ने कहा कि जो दल आज महिला अधिकारों की बात करते हैं, उनका इतिहास महिलाओं के हितों के खिलाफ रहा है। उन्होंने शाहबानो प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय कांग्रेस सरकार ने मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों को कमजोर किया।उन्होंने कहा कि ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथा के खिलाफ जब प्रधानमंत्री मोदी ने कानून बनाया, तब भी कांग्रेस और इंडी गठबंधन के दलों ने उसका विरोध किया। इससे साफ है कि महिलाओं के सम्मान को लेकर उनका दृष्टिकोण दोहरा रहा है।

डबल इंजन सरकार ने महिलाओं के लिए चलाई कई योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटियों को जन्म से लेकर शिक्षा तक आर्थिक सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना से करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं को सुरक्षित आवास मिला है। मातृ वंदना योजना से गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है।
रोजगार और सुरक्षा में भी बढ़ी भागीदारी
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिले हैं। पुलिस विभाग सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में बेटियों की भागीदारी बढ़ी है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की महिलाएं स्टार्टअप, कृषि, डेयरी, शिक्षा और प्रशासनिक क्षेत्रों में भी नई पहचान बना रही हैं।
सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ दलों की राजनीति केवल परिवारवाद तक सीमित है। इन्हें महिलाओं, गरीबों, किसानों और युवाओं के विकास से कोई सरोकार नहीं है।उन्होंने कहा कि ऐसे दल संसद में भी रचनात्मक भूमिका निभाने के बजाय बाधा उत्पन्न करने का कार्य करते हैं। यही कारण है कि जनता अब उनकी नीयत और नीति दोनों समझ चुकी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश की नारी शक्ति विपक्ष के इस व्यवहार से आहत है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि जो दल उनके सम्मान और अधिकारों के खिलाफ खड़े हैं, उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दें।इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा एनडीए के अन्य सहयोगी दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

