बलरामपुर। बिजली बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं पर विद्युत विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। जिले में अब तक करीब 2500 बकायेदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जा चुके हैं। विभागीय टीमें क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर जांच कर रही हैं और उपभोक्ताओं से लंबित बिल तत्काल जमा करने की अपील कर रही हैं।विद्युत विभाग की इस कार्रवाई से बकायेदारों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बिल जमा नहीं किया है, उनके खिलाफ चरणबद्ध तरीके से कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की जा रही है।
बकाया जमा न करने वालों पर जारी है अभियान
उपखंड अधिकारी गौरव शर्मा ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया है, उनके खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बकाया राशि जमा न करने वालों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग राजस्व वसूली को लेकर गंभीर है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि असुविधा से बचने के लिए समय रहते अपना बिजली बिल जमा कर दें, ताकि कनेक्शन कटने जैसी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
बिजली चोरी पर दर्ज होगी एफआईआर
एसडीओ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई उपभोक्ता बिजली का अवैध उपयोग करता पाया गया तो उसके खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा-135 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। बिजली चोरी करने वालों पर कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जा सकता है।उन्होंने बताया कि बिजली चोरी और अवैध उपयोग से विभाग को आर्थिक नुकसान होता है, जिससे व्यवस्था प्रभावित होती है।
ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी पड़ता है असर
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बिजली चोरी और अवैध कनेक्शन का असर नियमित बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं पर भी पड़ता है। लाइन लॉस बढ़ने से आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है और तकनीकी समस्याएं भी सामने आती हैं।इसके अलावा अवैध कनेक्शन, तारों से छेड़छाड़ और असुरक्षित उपयोग से विद्युत दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। विभाग ऐसे मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए है और आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा।

