बलरामपुर । राप्ती नदी में डूबने से दो बच्चों में से एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि एक बालक अभी भी लापता है। यह घटना बेनीजोत गांव में हुई, जहां 14 साल की किशोरी और 6 साल का बच्चा नदी में नहाने गए थे।घटना बेनीजोत गांव की है। महेश शुक्ल के बेटे शनि (6 ) और चंदन शुक्ल की बेटी रोशी उर्फ हिमानी (14) अपने बड़े पिता दिलीप शुक्ल के साथ घूमने गए थे। लौटते समय वे नदी किनारे नहाने लगे और फिसलन के कारण गहरे पानी में बह गए।घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
डेढ़ किमी दूर मिला किशोरी का शव
परिजन और ग्रामीण तुरंत नदी किनारे पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद किशोरी रोशी का शव घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बेल्हा गांव के पास मिला। बालक शनि की तलाश अभी भी जारी है।इस हादसे से दोनों परिवारों में दुख का माहौल है।

बालक की तलाश जारी
रोशी के पिता चंदन शुक्ल एमएलके पीजी कॉलेज में कार्यरत हैं और ढाबा भी चलाते हैं। वहीं, शनि के पिता महेश शुक्ल इंदौर में सिलाई का काम करते हैं और कुछ दिन पहले ही गांव आए थे। दोनों परिवार अपने बच्चों को लेकर चिंतित हैं। कोतवाली देहात पुलिस मौके पर मौजूद है और राहत-बचाव कार्य जारी है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन लापता बालक की तलाश में जुटे हुए हैं।

