गोंडा। कैसरगंज लोकसभा सीट से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत का श्रेय गृह मंत्री अमित शाह को देते हुए उन्हें भाजपा का हनुमान बताया है। उनका कहना है कि बंगाल की जनता 15 साल से यह क्राइसिस नहीं झेल रही थी।आजादी से लेकर के अभी तक किसी का भी शासन रहा। एक वर्ग को वहां पर दबाने का काम हुआ है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और बंगाल की जनता को बधाई। लेकिन इसका क्रेडिट अगर किसी एक व्यक्ति को देना हो तो उसे व्यक्ति का नाम गृहमंत्री अमित शाह है। बृजभूषण मंगलवार को अपने पैतृक निवास विश्नोहरपुर में कई जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुन रहे थे।
‘रणनीति के मास्टर’ अमित शाह
पूर्व सांसद ने कहा- बंगाल चुनाव में गृहमंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी के हनुमान की भूमिका में रहे। जैसे राम-रावण युद्ध में हनुमान जी की भूमिका थी। आज बीजेपी में बिल्कुल हनुमान जी की तरह गृहमंत्री अमित शाह का रोल है। यह जो पश्चिम बंगाल में बीजेपी को विजय मिली है कार्यकर्ताओं का तो सहयोग है ही लेकिन नेतृत्व किसने किया, इस पूरे चुनाव को लेकर रणनीति किसने बनाई है? उस व्यक्ति का नाम गृहमंत्री अमित शाह है।
अमित शाह ने बनाई पूरी रणनीति
पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को लेकर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री इमरान खान ने कहा- यह भारतीय जनता पार्टी की नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल की अवाम की जीत है। ममता बनर्जी सरकार के अत्याचार से अब वहां के लोगों को मुक्ति मिली है।उन्होंने उम्मीद जताई कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की सरकार फिर से बनेगी। पश्चिम बंगाल में अब तेज गति से विकास कार्य कराए जाएंगे और सभी योजनाएं लागू होंगी।
