बलरामपुर। शहर के पॉयनियर पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज की हॉकी कोच एवं स्पोर्ट्स इंचार्ज रश्मि सिंह को राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है।राइजिंग एंजल सोसाइटी एवं रेडियो सिटी गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में मातृ दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की उन महिला हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस दौरान बलरामपुर की खेल सचिव एवं राष्ट्रीय हॉकी अंपायर रश्मि सिंह को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
रश्मि सिंह बनीं प्रेरणा की मिसाल
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व महापौर डॉ. सत्या पांडेय ने खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करता है। 40 वर्ष से अधिक आयु में खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन समाज के लिए प्रेरणादायी है। रश्मि सिंह ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण से बलरामपुर जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
दर्शकों ने तालियों से किया उत्साहवर्धन
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।राष्ट्रीय प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल करने पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. एम.पी. तिवारी ने रश्मि सिंह को अंगवस्त्र एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उप प्रधानाचार्या शिखा पाण्डेय, उप प्रधानाचार्य राघवेन्द्र त्रिपाठी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।विद्यालय परिवार ने कहा कि रश्मि सिंह की यह उपलब्धि विद्यालय और जनपद दोनों के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता से विद्यालय में उत्साह और प्रेरणा का वातावरण बना हुआ है।

