सीतापुर। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन ऑयल की सीएसआर योजना “इंडियन ऑयल आरोग्यम” के तहत 35 ओपन जिम निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक एवं नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर “गुरु” मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर परियोजना की शुरुआत कराई।वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत शुरू की गई इस योजना के तहत सीतापुर जनपद के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधुनिक व्यायाम सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना का संचालन मनोरथ फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है। इसके अंतर्गत खैराबाद, परसेण्डी, ऐलिया विकास खण्ड और नगर पालिका परिषद सीतापुर क्षेत्र में कुल 35 ओपन जिम स्थापित होंगे।
स्कूल परिसर और खेल मैदानों में लगेंगे जिम
परियोजना के तहत ग्राम पंचायत क्षेत्रों, प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालय परिसरों, खेल मैदानों और सार्वजनिक स्थलों को चयनित किया गया है। इन स्थानों पर आधुनिक फिटनेस उपकरण लगाए जाएंगे ताकि युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को निःशुल्क व्यायाम सुविधा मिल सके।
मंत्री बोले- ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ेगी स्वास्थ्य जागरूकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राकेश राठौर “गुरु” ने कहा कि स्वस्थ समाज ही विकसित राष्ट्र की नींव है। उन्होंने कहा कि इंडियन ऑयल द्वारा सीएसआर के माध्यम से किए जा रहे कार्य समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचाएंगे। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर जागरूकता बढ़ेगी।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
मनोरथ फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि सभी चयनित स्थलों पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद स्थानीय नागरिकों को निःशुल्क और सुलभ व्यायाम सुविधाएं उपलब्ध होंगी।भूमि पूजन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने इस पहल को जिले के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

