बलरामपुर । सरकारी दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) अपने नेटवर्क का विस्तार कर रही है। कंपनी अब शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में हाईस्पीड 4जी सेवा उपलब्ध कराने के लिए तेजी से ऑप्टिकल फाइबर लाइनें बिछा रही है।अधिकारियों का दावा है कि यह नई तकनीक उपभोक्ताओं को बेहतर इंटरनेट अनुभव प्रदान करेगी और निजी कंपनियों को कड़ी प्रतिस्पर्धा देगी।पिछले कुछ वर्षों में निजी कंपनियों की आकर्षक योजनाओं और 5जी सेवाओं के विस्तार के कारण बीएसएनएल के मोबाइल उपभोक्ताओं की संख्या में कमी आई थी। वर्तमान में जिले में लगभग 12 हजार मोबाइल और 400 ब्रॉडबैंड उपभोक्ता ही बीएसएनएल की सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं।कंपनी अब बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने की तैयारी में है।
सक्रिय की जा रही लैंडलाइन सेवाएं
नेटवर्क विस्तार का कार्य जिले के छह विकास खंडों में चल रहा है। पहले चरण में तुलसीपुर, बलरामपुर, गैसड़ी, पंचपेड़वा, हरैया सतघरवा और रेहराबाजार विकास खंडों की ग्राम पंचायतों तक ऑप्टिकल फाइबर लाइनें बिछाई जा रही हैं।यह कार्य पूरा होने पर पंचायत सचिवालयों को बीएसएनएल वाई-फाई सेवा से जोड़ा जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी बेहतर होगी।राज्य सरकार के निर्देश पर सरकारी कार्यालयों में बीएसएनएल लैंडलाइन फोन फिर से सक्रिय किए जा रहे हैं। विकास भवन स्थित कई विभागों में लैंडलाइन सेवाएं शुरू हो चुकी हैं।
ग्राम पंचायतों तक पहुंचेगी वाई-फाई सेवा
अधिकारियों का मानना है कि इससे कार्यालयों में संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी और अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।बीएसएनएल अधिकारियों के अनुसार, ग्राम पंचायत स्तर तक वाई-फाई सेवा पहुंचाने का कार्य रेल विकास निगम संस्था के माध्यम से किया जा रहा है। नेटवर्क विस्तार पूरा होने के बाद ग्रामीण उपभोक्ताओं को बेहतर इंटरनेट सुविधा उपलब्ध होगी। उपमंडल अभियंता नफीस अहमद ने बताया कि नेटवर्क क्षमता में वृद्धि के बाद जिले में बीएसएनएल सेवाओं की मांग में दोबारा बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

