बलरामपुर। रविवार को बलरामपुर केमिस्ट एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक श्री गणेश वेडिंग हाउस और होटल में आयोजित की गई, जिसमें दवा व्यापार से जुड़ी समस्याओं, प्रशासनिक दिक्कतों और आगामी 20 मई को प्रस्तावित भारत बंद को सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत करने पर जोर दिया।बैठक की अध्यक्षता संगठन अध्यक्ष शमशुल हुदा खान ने की, जबकि मंच संचालन संगठन मंत्री आमिर मेकरानी द्वारा किया गया।बैठक के दौरान अध्यक्ष शमशुल हुदा खान ने सदस्यों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शमशुल हुदा खान ने सुनी व्यापारियों की समस्याएं
उन्होंने कहा कि अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने आगामी आंदोलन को लेकर कहा कि संगठन की ताकत उसकी एकजुटता में है।उन्होंने यह भी अपील की कि कुछ असंबद्ध तत्वों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम से सावधान रहें और संगठन के निर्णयों के साथ मजबूती से खड़े रहें। साथ ही सभी दवा व्यापारियों से 20 मई को अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध को सफल बनाने की अपील की गई।महामंत्री कुमार दीप मिश्रा ने व्यापारियों को दवा कारोबार से जुड़े विभिन्न नियमों जैसे एक्सपायरी, ब्रेकज, फूड लाइसेंस, ड्रग लाइसेंस रिन्यूअल, नकली दवा नियंत्रण, डॉक्टरों को सप्लाई, ऑनलाइन बिक्री,ओएनडीएलएस पोर्टल और साइन बोर्ड पर डिस्काउंट न लिखने जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।

संगठन ने उठाई आवाज
उन्होंने बताया कि 20 मई को सुबह 8:30 बजे अस्पताल से एक रैली निकाली जाएगी, जिसमें अधिक से अधिक व्यापारियों से शामिल होकर बंद को सफल बनाने की अपील की गई।कोषाध्यक्ष राम प्रीत गुप्ता ने थोक व्यापारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और उनके समाधान पर सुझाव दिए। वहीं संगठन मंत्री अमित मेकरानी ने संगठन की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों की जानकारी सदस्यों के सामने रखी।बैठक में प्रिंट मीडिया प्रभारी जमाल अहमद, सोशल मीडिया प्रभारी शाहिद हसन सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।

