बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की शिकायतों पर गंभीरता से सुनवाई करते हुए एसपी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने गूगल मीट के माध्यम से संबंधित थाना प्रभारियों और अधिकारियों से सीधे संवाद कर मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, प्रभावी और विधिक तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि पीड़ितों को जल्द राहत मिल सके।एसपी ने विशेष रूप से राजस्व संबंधी विवादों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित करने के निर्देश दिए। इन टीमों को संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच करने तथा गुणवत्तापूर्ण और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, कब्जा और अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े मामलों की सुनवाई हुई।
अफसरों को लगाई फटकार
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उनकी समस्याओं का पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान किया जाए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है और शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।

