बलरामपुर। जिला महिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।डीएम ने अस्पताल में भर्ती महिलाओं और उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार, दवा उपलब्धता और स्टाफ के व्यवहार के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, प्रसूता वार्ड, दवा वितरण केंद्र और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया।
डीएम ने मरीजों से बात कर जाना हाल
उन्होंने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति भी जांची।डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था लगातार बेहतर रखी जाए और मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने कहा कि इलाज में लापरवाही या अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने महिला चिकित्सालय में लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या को देखते हुए अस्पताल की बेड क्षमता बढ़ाने की योजना का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से अस्पताल के उच्चीकरण से संबंधित प्रस्तावों और कार्ययोजना की जानकारी ली।

बेड क्षमता बढ़ाने की तैयारी
डीएम ने निर्देश दिए कि जल्द से जल्द विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि अस्पताल में अतिरिक्त बेड और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इससे महिलाओं और नवजात शिशुओं को बेहतर इलाज मिल सकेगा।डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा। अस्पतालों में बेहतर इलाज, पर्याप्त संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी और अस्पताल प्रशासन के कर्मचारी मौजूद रहे।

