बलरामपुर। झारखंडी क्रॉसिंग पर प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण को लेकर स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में बढ़ती चिंता के बीच नगर पालिका परिषद के चेयरमैन डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू ने व्यापारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में सड़क किनारे स्थित दुकानों और मकानों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।ओवरब्रिज निर्माण से पहले चल रही नपाई के कारण सड़क के दोनों ओर स्थित दुकानदारों और मकान मालिकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। व्यापारियों ने बैठक में अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि यदि बिना उचित योजना के निर्माण कार्य हुआ तो उनके रोजगार और आशियाने पर संकट खड़ा हो सकता है।
ओवरब्रिज निर्माण पर असमंजस
बैठक में जिला अध्यक्ष व्यापार मंडल रमेश पाहवा, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा, सभासदगण सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।बैठक के दौरान चेयरमैन संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार का अंतिम निर्णय लेने से पहले प्रभावित व्यापारियों और आम जनता के साथ दोबारा समन्वय बैठक की जाए।उन्होंने कहा कि प्रशासन और कार्यदायी संस्था स्थानीय लोगों की सहमति के बिना कोई कदम न उठाए। साथ ही योजना इस प्रकार तैयार की जाए जिससे व्यापारियों और नागरिकों के हित सुरक्षित रह सकें।

“जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता”
चेयरमैन डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू ने कहा,
“जनहित, व्यापारियों का सम्मान और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन किसी का अहित कर या बिना सहमति के कोई अंतिम फैसला नहीं लिया जाएगा।”
व्यापारियों ने जताया आभार
बैठक के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने राहत महसूस की। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने व्यापारियों के हितों की रक्षा का भरोसा दिलाने पर चेयरमैन का आभार व्यक्त किया।

