लखनऊ । हजरतगंज में बड़े मंगल के भंडारे में शामिल हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरण किया, लेकिन मंच से उनका पूरा फोकस सियासत पर रहा। महंगाई, नीट पेपर लीक, कानून व्यवस्था और आर्थिक हालात को लेकर उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार को घेरा। अपने बयान में अखिलेश ने ऐसे कई मुद्दे उठाए, जो आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक विमर्श बन सकते हैं।
1. महंगाई पर चेतावनी-‘अभी और बढ़ेंगे दाम’
अखिलेश यादव ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें सीधे आम आदमी की जेब पर असर डाल रही हैं। उनका कहना था कि ईंधन महंगा होते ही हर चीज महंगी हो जाती है—खाद्य पदार्थ से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक। उन्होंने साफ कहा कि आने वाले समय में महंगाई और बढ़ेगी, जिससे आम जनता की परेशानी और गहरी होगी।
2. ‘नीट नहीं, लीक एग्जाम’-युवाओं के भरोसे पर चोट
NEET पेपर लीक मामले को लेकर अखिलेश यादव ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह परीक्षा अब “नीट” नहीं बल्कि “लीक एग्जाम” बन गई है। उनके मुताबिक इस घटना ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों का भरोसा तोड़ा है और यह सीधे-सीधे युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ है।
3. कानून व्यवस्था पर सवाल-‘राजधानी में महिलाएं सुरक्षित नहीं’
अखिलेश यादव ने राजधानी लखनऊ की कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों के साथ होने वाली घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे यह साफ है कि सुरक्षा व्यवस्था कमजोर है। उन्होंने सरकार से इन घटनाओं के आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की।
4‘स्मार्ट सिटी’ पर तंज-यातायात व्यवस्था बदहाल
लखनऊ को स्मार्ट सिटी कहे जाने पर उन्होंने कहा कि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। अखिलेश के मुताबिक शहर की यातायात व्यवस्था खराब है और आम लोगों को रोजाना जाम और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।
5. आर्थिक हालात पर निशाना-‘रुपया लगातार गिर रहा’
अखिलेश यादव ने देश की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रुपया लगातार कमजोर हो रहा है और इसका असर आम आदमी की जिंदगी पर साफ दिख रहा है। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि हालात ऐसे हैं कि आने वाले समय में रुपया “पाताल में ढूंढना पड़ेगा।”
