लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की तेरहवीं सोमवार को लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर संपन्न हुई। श्रद्धांजलि सभा में राजनीतिक, सामाजिक और पारिवारिक जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल बेहद गमगीन बना रहा और परिवार के सदस्यों की आंखें बार-बार नम होती दिखाई दीं।तेरहवीं संस्कार के दौरान उस समय भावुक माहौल बन गया, जब प्रसाद वितरण के दौरान मौजूद समर्थकों ने ‘प्रतीक भैया अमर रहें’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। यह सुनते ही प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव खुद को संभाल नहीं सकीं। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े और वह कुछ देर के लिए किनारे जाकर साड़ी से अपने आंसू पोंछती नजर आईं। हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन करने के बाद वह अंदर चली गईं।प्रतीक यादव की तेरहवीं में पूरा मुलायम परिवार एक साथ दिखाई दिया। अखिलेश यादव अपनी पत्नी डिंपल यादवऔर बच्चों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। वहीं, -शिवपाल सिंह यादव भी परिवार के साथ मौजूद रहे। परिवार के सदस्यों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और अपर्णा यादव को ढांढस बंधाया। घर के भीतर लगातार रामधुन बजती रही और श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी तेरहवीं कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने प्रतीक यादव की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अपर्णा यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री कुछ देर तक परिवार के बीच मौजूद रहे और दुख की इस घड़ी में उन्हें सांत्वना दी।

सुधांशु त्रिवेदी ने बांटी पूड़ियां
तेरहवीं कार्यक्रम में भाजपा के राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी प्रसाद वितरण के दौरान पूड़ियां बांटते नजर आए। वहीं, लोकगायिका मालिनी अवस्थी भी श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
38 साल की उम्र में हुआ था निधन
प्रतीक यादव का 13 मई को 38 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। 14 मई को लखनऊ के बैकुंठ धाम श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया था। उन्हें मुखाग्नि उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने दी थी। इसके बाद 16 मई को हरिद्वार के वीवीआईपी घाट पर उनकी अस्थियां विसर्जित की गईं। इस दौरान अपर्णा यादव अपनी दोनों बेटियों के साथ मौजूद थीं।-आदित्य यादव भी परिवार के साथ वहां पहुंचे थे।
बेटी पद्मजा का ‘आई लव यू पापा’ कार्ड देख भर आईं आंखें
हरिद्वार में अस्थि विसर्जन के दौरान सबसे भावुक पल तब आया, जब प्रतीक यादव की सात वर्षीय बेटी पद्मजा अपने हाथों से बनाया हुआ एक कार्ड लेकर घाट पर पहुंची। कार्ड पर बड़े अक्षरों में लिखा था—‘आई लव यू पापा’। पूरे कर्मकांड के दौरान वह उस कार्ड को सीने से लगाए रही। कभी गंगा की ओर टकटकी लगाकर देखती तो कभी फूट-फूटकर रो पड़ती। अंत में उसने कांपते हाथों से वह कार्ड भी गंगा में प्रवाहित कर दिया। यह दृश्य देखकर घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

