लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर में मंगलवार को गरवेयर हाई-टेक फिल्म्स के अधिकृत वितरक आहा सेल्स की ओर से एनुअल बिजनेस मीट 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नए बिजनेस आइडिया के लिए प्रेरित करना, उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और आत्मनिर्भर बनाना रहा। बिजनेस मीट में बड़ी संख्या में युवा उद्यमियों, डीलर्स और व्यापार से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।आयोजक मधुलिका बरनवाल ने बताया कि साल 2018 से उनका स्टार्टअप पूरे उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार से जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऑटो फिल्म्स के इस बिजनेस को शुरू करने में करीब 5 से 10 लाख रुपए तक का निवेश आता है।उन्होंने बताया कि जिन युवाओं के पास पूंजी की कमी है, उन्हें MSME योजना के तहत 5 लाख रुपए तक की फंडिंग दिलाने में कंपनी पूरी सहायता करती है, ताकि कोई भी प्रतिभाशाली युवा आर्थिक अभाव के कारण पीछे न रह जाए।

युवाओं को आगे बढ़ाने पर कंपनी का फोकस
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धर्मेंद्र कपूर ने कहा कि कंपनी की 90 साल पुरानी मजबूत विरासत है और देशभर में इसके 200 से अधिक स्टूडियो संचालित हो रहे हैं। कंपनी पॉलिस्टर फिल्म बिजनेस से जुड़ी है, जिसके तहत ऑटो फिल्म्स, पेंट प्रोटेक्शन फिल्म्स, विंडो फिल्म्स, आर्किटेक्चर फिल्म्स और इंडस्ट्रियल प्रोटेक्शन फिल्म्स तैयार की जाती हैं।उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को अपने साथ जोड़कर उन्हें व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ाना और समाज में रोजगार के नए अवसर तैयार करना है।
नए प्रोडक्ट्स और बाजार की संभावनाओं पर चर्चा
बिजनेस मीट में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने नए प्रोडक्ट्स, बाजार की संभावनाओं और आगामी व्यावसायिक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कारोबार और कमाई को बढ़ावा देने के लिए अगले तीन महीनों के लिए विशेष स्कीम्स की भी घोषणा की गई।कार्यक्रम के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले डीलर्स और बिजनेस पार्टनर्स को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि आने वाले समय में इस तरह के कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने का अभियान और तेज किया जाएगा।

