लखनऊ। LU के इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज ने MBA इन फार्मास्यूटिकल मैनेजमेंट पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। सत्र 2026-27 में एडमिशन के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।दो वर्षीय इस PG पाठ्यक्रम की पढ़ाई चार सेमेस्टरों में होगी। इसमें कुल 60 सीटें निर्धारित की गई हैं। कोर्स को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप विशेषज्ञों द्वारा तैयार किया गया है। पाठ्यक्रम में कुल 80 क्रेडिट निर्धारित किए गए हैं, जबकि फीस 81,080 रुपए प्रति सेमेस्टर तय की गई है।प्रवेश के लिए बीफार्मा, बीटेक (केमिकल इंजीनियरिंग), बायोटेक्नोलॉजी, बायोमेडिकल इंजीनियरिंग, बीएससी (केमिस्ट्री) या एमएससी उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 50% और अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लिए 45% मार्क्स अनिवार्य हैं। प्रवेश जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट के आधार पर होगा।पाठ्यक्रम में फार्मास्यूटिकल इंटरनेशनल बिजनेस, फार्मास्यूटिकल प्रोडक्ट डेवलपमेंट, फार्मास्यूटिकल ब्रांड मैनेजमेंट और बायोमेडिकल डिवाइसेज जैसे सब्जेक्ट्स शामिल किए गए हैं।
फार्मा इंडस्ट्री में बढ़ेगा करियर स्कोप
लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.जेपी सैनी ने कहा- स्वास्थ्य और फार्मेसी क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए यह कोर्स युवाओं के लिए रोजगार और करियर निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।उन्होंने कहा कि ये कार्यक्रम स्टूडेंट्स को फार्मास्यूटिकल उद्योग के प्रबंधन और व्यावसायिक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करेगा। प्रशिक्षित युवाओं को शुरुआती स्तर पर ही पांच लाख रुपए या उससे अधिक का वार्षिक पैकेज मिल सकता है।

