गोंडा । गन्ना सिंचाई के दौरान मारपीट में घायल किसान की मौत हो गई। रविवार रात को गन्ना सिचाई को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद आरोपियों ने किसान को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर लहूलूहान अवस्था में पुल के नीचे छोड़कर फरार हो गए।जिसके बाद मजदूरी से लौट रहे बेटे ने पिता को गंभीर हालत में पुल के नीचे पड़ा पाया। जिसके बाद तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। सोमवार को हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मामला देहात कोतवाली क्षेत्र का है।सालपुर सेमरा गांव में बाल गोविंद(43) अपने परिवार के साथ रहते थे। बाल गोविंद के तीन बेटे हैं, जिनमें एक मंदबुद्धि है, दूसरा बेटा सुनील मजदूरी करता है। जबकि तीसरा बेटा अनिल दूसरे प्रदेश में काम करता है। रविवार शाम को बाल गोविंद खेत में गन्ना सिंचाई करने गए थे। इस दौरान गांव के ही लोगो से विवाद हो गया। जिसके बाद गाली-गलौच होने लगी।
खेत में अधमरा छोड़ गए हमलावर
आरोपियों ने उन्हें लाठी-डंडों से पीटकर खेत में ही पुल के नीचे छोड़ दिया था। घटना के बाद मजदूरी से लौटे उनके बेटे सुनील कुमार ने अपने पिता को गंभीर हालत में पुल के नीचे पड़ा पाया। उन्हें तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। सोमवार को हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया था।बाल गोविंद की मौत के बाद परिजन उनके शव को गोंडा स्थित घर ले आए। सूचना मिलने पर देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
किसान ने अस्पताल में तोड़ा दम
मृतक बाल गोविंद की पत्नी फुलेसरा ने गांव के ही कल्लू, विजय कुमार और शनि पर मारपीट कर उनके पति को खेत में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने इन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में तहरीर दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फुलेसरा ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है।कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है और उसके आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने पीड़ित परिवार को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

