बलरामपुर। भीषण गर्मी के कारण बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है। तुलसीपुर के एसडीओ विद्युत रामसेवक गुप्ता ने आमजन से संयमित और जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से बिजली का उपयोग करने का आग्रह किया है।एसडीओ रामसेवक गुप्ता ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अत्यधिक गर्मी के कारण बिजली की खपत में सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 20 से 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इस बढ़ी हुई मांग के चलते विद्युत लाइनों, वितरण ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है।
गर्मी में 25% बढ़ी बिजली खपत
इससे ओवरलोडिंग, फाल्ट, ट्रिपिंग और विद्युत आपूर्ति में व्यवधान जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।विभाग द्वारा निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, बढ़ते लोड को नियंत्रित करने और सभी उपभोक्ताओं तक बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।एसडीओ ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि आवश्यकता न होने पर पंखा, बल्ब, कूलर, एसी समेत अन्य विद्युत उपकरण बंद रखें। एयर कंडीशनर (AC) का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस पर संचालित करें और अधिक क्षमता वाले विद्युत उपकरणों का एक साथ प्रयोग करने से बचें। उन्होंने दिन के समय प्राकृतिक प्रकाश का अधिकतम उपयोग करने, अनावश्यक लाइटें बंद रखने और ऊर्जा दक्ष एलईडी बल्ब व स्टार रेटेड उपकरणों का उपयोग करने की सलाह दी।
ओवरलोडिंग से बढ़ी ट्रिपिंग और फॉल्ट की समस्या
इसके अतिरिक्त, पानी की मोटर, वेल्डिंग मशीन और अन्य भारी लोड वाले उपकरणों का सीमित एवं आवश्यकता अनुसार उपयोग करने को कहा गया है। एसडीओ ने कृषि एवं व्यावसायिक उपभोक्ताओं से भी निर्धारित समयानुसार भारी विद्युत भार वाले उपकरणों का प्रयोग करने का अनुरोध किया।उन्होंने घर, दुकान एवं प्रतिष्ठानों में अनावश्यक रूप से चल रहे विद्युत उपकरणों की नियमित जांच करने तथा बिजली चोरी एवं अवैध कनेक्शन से बचने की भी अपील की। एसडीओ ने ट्रांसफार्मर एवं विद्युत लाइनों के आसपास सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा किसी भी खराबी या समस्या की जानकारी तत्काल विद्युत विभाग को देने को कहा, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
