बलरामपुर। तहसील तुलसीपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में इस बार जमीन विवादों के मामलों पर प्रशासन का विशेष फोकस देखने को मिला। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने साफ निर्देश दिए कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर जांच और निस्तारण सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का समयबद्ध समाधान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी है।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में आयोजित समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। मुख्य विकास अधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निपटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।सीडीओ ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण होना चाहिए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
भूमि विवादों को लेकर दिखी सख्ती
समाधान दिवस में आए मामलों में भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करने तथा निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमीन संबंधी विवाद अक्सर तनाव और कानून-व्यवस्था की समस्या का कारण बनते हैं, इसलिए ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।

योजनाओं के लाभार्थियों को मिला सीधा फायदा
जनसुनवाई के साथ-साथ प्रशासन ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया। निःशुल्क दिव्यांग उपकरण वितरण योजना के अंतर्गत एक श्रवण दिव्यांग लाभार्थी को हियरिंग मशीन प्रदान की गई। वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के तहत संतोष कुमार साहू को 5 लाख रुपये का चेक प्रदान कर स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह योजना युवाओं को रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।
मौके पर ही निस्तारित हुए कई मामले
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों में से कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इससे शिकायतकर्ताओं को राहत मिली। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शेष मामलों में भी समयबद्ध कार्रवाई कर शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट किया जाए।कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी तुलसीपुर राकेश जयंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

