बलरामपुर । पुलिस ने महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के सुदर्शनजोत गांव में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, 2 लाख रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त सैंट्रो कार बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी के नेतृत्व में महराजगंज तराई पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस सफलता को हासिल किया। सुदर्शनजोत निवासी सुमित सिंह ने 23 मई 2026 को महराजगंज तराई थाने में तहरीर देकर बताया था कि 22-23 मई की रात अज्ञात चोर उनके घर की पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुस गए थे। चोरों ने घर में रखी अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और करीब 45 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। मामले में थाना महराजगंज तराई में मुकदमा संख्या 57/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार की गई सुरागरसी के आधार पर शनिवार को बहराइच के गगनचक टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाबिर अंसारी, आसिफ खान, बृजलाल और धनाजी सेंडे के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि नसीम नाम का व्यक्ति, जो गांव-गांव घूमकर दाल बेचता है, उसने पहले सुमित सिंह के घर की रेकी की थी। उसी ने चोरी के लिए घर को निशाना बनाया। योजना के तहत नसीम, जोखे उर्फ चोखे कोरी, छोटन्न उर्फ छोटेलाल, जाबिर अंसारी और आसिफ खान कार से गांव पहुंचे। रात में दीवार फांदकर घर में घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर जेवरात व नकदी चोरी कर ली।
सर्राफ के जरिए बेचे गए जेवर
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद जेवरातों को बहराइच निवासी सर्राफ बृजलाल को बेच दिया गया था। बाद में बृजलाल ने यह जेवर धनाजी सेंडे को बेच दिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने का हार, एक मंगलसूत्र, चार कंगन, दो अंगूठियां, एक चैन, एक जोड़ी चांदी की पायल, चार बिछिया, 2 लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त सैंट्रो कार बरामद की है।
दो आरोपी हैं कुख्यात हिस्ट्रीशीटर
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जाबिर अंसारी और आसिफ खान के खिलाफ चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। जाबिर अंसारी पर अकेले 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस इन दोनों को लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय मानती है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी बोले- अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। चोरी, लूट और संगठित अपराध में शामिल तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। 15 दिनों के भीतर चोरी की वारदात का खुलासा कर महराजगंज तराई पुलिस और सर्विलांस टीम ने अपनी सक्रियता और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया है।

