बलरामपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन का जायजा लिया। परीक्षा की पहली पाली शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

कड़ी सुरक्षा के बीच सिपाही भर्ती परीक्षा
अधिकारियों ने केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया। साथ ही अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भर्ती परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
पहली पाली शांतिपूर्ण संपन्न
वहीं, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त तैयारियों के बीच सिपाही भर्ती परीक्षा को सुरक्षित, निष्पक्ष और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

