बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। बुधवार को जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों बलरामपुर, तुलसीपुर, गैसड़ी और उतरौला में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए गए। सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने बूथ अध्यक्षों को संगठन की रीढ़ बताते हुए आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।
बूथ कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत : पल्टूराम
बलरामपुर विधानसभा का सम्मेलन जिला पंचायत सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन है। बूथ अध्यक्ष पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने की अपील की।
जनता से लगातार संपर्क बनाए रखें बूथ अध्यक्ष : वीरेंद्र प्रताप सिंह
सम्मेलन के मुख्य अतिथि सहकारी बैंक एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर पर मजबूत होने के कारण लगातार जनसमर्थन हासिल कर रहा है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने, नियमित जनसंपर्क करने और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने को कहा।
चारों विधानसभा क्षेत्रों में हुए सम्मेलन
जिले की अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए गए। तुलसीपुर में विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, गैसड़ी में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी और उतरौला में चंद्रभान सिंह ‘संचित’ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।नेताओं ने बूथ समितियों को सक्रिय रखने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
आगामी कार्यक्रमों की बनाई गई रणनीति
सम्मेलनों में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की गई। बूथ अध्यक्षों को नियमित बैठकें आयोजित करने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाए रखने और जनता के बीच पार्टी की गतिविधियों को बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई।कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, जिला उपाध्यक्ष वरुण सिंह, जिला महामंत्री डॉ. अजय सिंह ‘पिंकू’, जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह ‘बैस’, जिला मंत्री शैलेन्द्र सिंह, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे।

