बलरामपुर। जिले में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से बचाने के लिए बुधवार से विशेष निःशुल्क टीकाकरण अभियान शुरू हो गया। राष्ट्रीय पशुधन नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 22 जुलाई से 7 अगस्त तक चलने वाले अभियान में जिले के करीब 1.97 लाख गोवंश और महिषवंशीय पशुओं को टीके लगाए जाएंगे।अभियान का शुभारंभ तहसील तुलसीपुर से किया गया। देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने टीकाकरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खुरपका-मुंहपका पशुओं में तेजी से फैलने वाली संक्रामक बीमारी है। इससे पशुओं का दूध उत्पादन कम हो जाता है और उनकी कार्यक्षमता प्रभावित होती है। समय पर टीकाकरण कर इस बीमारी के प्रभाव को नियंत्रित किया जा सकता है।अभियान के शुभारंभ के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले का कोई भी पात्र पशु टीकाकरण से वंचित न रहे। सभी टीमें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गांव-गांव पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के साथ पशुपालकों को बीमारी के लक्षण, बचाव और समय पर इलाज की जानकारी भी दी जाए, ताकि बीमारी के प्रसार को रोका जा सके।
7 अगस्त तक चलेगा टीकाकरण
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस बार अभियान की निगरानी डिजिटल माध्यम से की जाएगी। प्रत्येक टीकाकरण की जियो-टैग्ड फोटो लेकर उसे पशुधन ऐप पर अपलोड किया जाएगा। इससे पशुओं के टीकाकरण का ऑनलाइन रिकॉर्ड तैयार होगा और अभियान की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।जिले में अभियान के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें गांवों में पहुंचकर पशुपालकों के घरों और डेयरियों में निःशुल्क टीकाकरण करेंगी। विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को समय पर टीका जरूर लगवाएं, ताकि पशुधन को सुरक्षित रखा जा सके।

