बलरामपुर। जिले में जूडो और पैरा स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। शहर के प्रतिष्ठित पायनियर पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज, कालीथान में आयोजित गरिमामय समारोह के दौरान बलरामपुर जिला जूडो एवं पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन, लखनऊ (इंडियन ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन से संबद्ध) की ओर से नवगठित एसोसिएशन को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी प्रदान किया गया। नई कार्यकारिणी में विद्यालय के प्रबंधक डॉ. एम.पी. तिवारी को अध्यक्ष तथा जूडो प्रशिक्षक विजय शंकर पांडेय को सचिव बनाया गया। इसके अलावा रामकृपाल शुक्ला को उपाध्यक्ष तथा विजयलक्ष्मी पाण्डेय, सुनील गुप्ता और फैजान खान को सदस्य मनोनीत किया गया। समारोह में सभी पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और जिले में जूडो व पैरा खेलों के विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच
उत्तर प्रदेश ब्लाइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष आयशा मुनव्वर द्वारा हस्ताक्षरित एनओसी में बलरामपुर जिला जूडो एवं पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की गई है। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य जिले में जूडो और पैरा स्पोर्ट्स को बढ़ावा देना, नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना तथा दिव्यांग खिलाड़ियों को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ाना है।
दिव्यांग खिलाड़ियों को भी मिलेगा प्रोत्साहन
विद्यालय की प्रधानाचार्या कुमारी रागिनी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और सामाजिक समावेशन का भी सशक्त आधार हैं। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांग खिलाड़ियों को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाने के प्रयासों की सराहना की।कार्यक्रम में विद्यालय की उपप्रधानाचार्या शिखा पाण्डेय सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। सभी ने नवगठित एसोसिएशन के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल और जिले में खेलों के विकास की कामना की। कार्यक्रम उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

