बलरामपुर। महारानी लाल कुंवरि पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 को लेकर अनुशासन व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय के निर्देशन और मुख्य नियंता प्रो. वीणा सिंह की अध्यक्षता में प्रॉक्टोरियल बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कॉलेज परिसर की व्यवस्था, नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं की सुविधा और अनुशासन बनाए रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।बैठक में 27 जुलाई से शुरू होने वाले प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं के इंडक्शन कार्यक्रम और नियमित शिक्षण कार्य को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई। प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने तय किया कि नए सत्र में कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने के लिए अनुशासन व्यवस्था को और प्रभावी किया जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि महाविद्यालय परिसर में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। केवल आवश्यक कार्य से आने वाले अधिकृत लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य छात्रों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना है।
नए छात्रों को यूनिफॉर्म के लिए मिली राहत
प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत देते हुए कॉलेज यूनिफॉर्म में आने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है। इस अवधि के दौरान बिना यूनिफॉर्म आने वाले नए छात्रों को गेट पर नहीं रोका जाएगा।कॉलेज प्रशासन ने बताया कि नए विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नियंता मंडल के सदस्य सुबह 8:45 बजे से महाविद्यालय में मौजूद रहेंगे। वे छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के साथ ही अनुशासन व्यवस्था पर भी नजर रखेंगे।
नए छात्रों को यूनिफॉर्म के लिए मिली राहत
मुख्य नियंता प्रो. वीणा सिंह ने कहा कि कॉलेज में अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता है। नए सत्र में छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।बैठक में नियंता मंडल के सदस्य डॉ. रमेश कुमार शुक्ला, डॉ. ओम प्रकाश सिंह, डॉ. अमित कुमार वर्मा, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. अनुज सिंह, डॉ. विनीत कुमार, संदीप कुमार यादव, दिनेश कुमार और डॉ. श्री कृष्ण त्रिपाठी उपस्थित रहे।

