बलरामपुर। मंगलवार सुबह हरहटा मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फैज़ान पब्लिक स्कूल/ताहिरा गर्ल्स इंटर कॉलेज, जरवा रोड तुलसीपुर की स्कूल बस कीचड़ में धंस गई। बस में करीब 30-31 स्कूली बच्चे सवार थे। स्कूल पहुंचने की जल्दी में निकली बस कुछ ही दूरी पर दलदल बनी सड़क में फंस गई और आगे बढ़ना मुश्किल हो गया।चालक ने काफी देर तक बस निकालने का प्रयास किया, लेकिन सड़क इतनी खराब थी कि बस एक इंच भी आगे नहीं बढ़ सकी। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे।
30 बच्चों से भरी बस को दो ट्रैक्टरों ने निकाला
काफी मशक्कत के बाद दो ट्रैक्टर बुलाए गए और रस्सियों की मदद से बस को कीचड़ से बाहर निकाला गया। करीब एक घंटे की कोशिश के बाद बस सुरक्षित निकल सकी।राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई बच्चा घायल नहीं हुआ।इस घटना ने हरहटा मार्ग की बदहाल स्थिति को एक बार फिर उजागर कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही यह सड़क दलदल में बदल जाती है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, गर्भवती महिलाओं, मरीजों और किसानों को उठानी पड़ती है। कई बार बाइक और अन्य छोटे वाहन भी इसी मार्ग पर फंस चुके हैं।
ग्रामीण बोले- हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर कई बार पंचायत सचिव, एडीओ पंचायत, बीडीओ और अन्य अधिकारियों से शिकायत की गई। सोशल मीडिया पर भी सड़क की तस्वीरें और वीडियो साझा किए गए, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया।ग्रामीणों का कहना है कि यदि मंगलवार को समय रहते ट्रैक्टर नहीं पहुंचते, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बरसात के मौसम को देखते हुए हरहटा मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए और सड़क निर्माण में हो रही लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

