बलरामपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में वाराणसी से निकली कलश बंधन यात्रा का गुरुवार को बलरामपुर जनपद की सीमा पर भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया। इस दौरान गुरु रविदास महाराज के जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।यात्रा में शामिल पवित्र कलश और रथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। लोगों ने संत रविदास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके समरसता, समानता, प्रेम, सेवा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
650वीं जयंती पर वाराणसी से निकली यात्रा
स्वागत कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, सदर विधायक पल्टूराम, विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, विधायक राम प्रताप वर्मा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी, गोविंद सोनकर, जिला उपाध्यक्ष वंदना पासवान, बृजेन्द्र तिवारी, संजय शुक्ल, वरुण सिंह ‘मोनू’, कार्यक्रम संयोजक शिव प्रसाद यादव, सहसंयोजक राजाराम गौतम, बिन्दू विश्वकर्मा, जिला महामंत्री डॉ. अजय सिंह ‘पिंकू’, महेन्द्र पाण्डेय, डीपी सिंह बैस, साधना पाण्डेय, सुधा पाण्डेय, सरोज तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।
पुष्पवर्षा से किया स्वागत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने अपने विचारों से समाज को समानता, सामाजिक समरसता और मानवता का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं। 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही यह कलश बंधन यात्रा पूरे प्रदेश में सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दे रही है।

