बलरामपुर। नगरवासियों को बेहतर और आसान डिजिटल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर ने नई पहल शुरू की है। अब नगर क्षेत्र के भवन स्वामी अपने भवन, गृहकर और जलकर से जुड़ी पूरी जानकारी घर बैठे ऑनलाइन देख सकेंगे। नगर पालिका ने सभी भवनों का विवरण ई-नगर सेवा पोर्टल पर अपलोड कर दिया है।नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के निर्देशन और अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्य के नेतृत्व में यह डिजिटल व्यवस्था तैयार की गई है। इसके तहत नागरिकों को अब भवन संबंधी जानकारी, टैक्स की स्थिति और बकाया राशि जानने के लिए नगर पालिका कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
ऑनलाइन दिखेगा टैक्स का पूरा रिकॉर्ड
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, ई-नगर सेवा पोर्टल पर भवन स्वामी अपने भवन का विवरण, गृहकर, जलकर और अन्य करों की जानकारी ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे। आने वाले समय में इसी माध्यम से ऑनलाइन टैक्स जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।इस व्यवस्था से नगर पालिका की कर प्रणाली में पारदर्शिता आएगी और लोगों को समय की बचत के साथ सुविधाजनक सेवाएं मिल सकेंगी।
मोबाइल नंबर दर्ज कराने की अपील
नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि अधिकांश भवनों का रिकॉर्ड पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है, लेकिन कई भवन स्वामियों के मोबाइल नंबर अभी तक दर्ज नहीं हो पाए हैं। ऐसे भवन स्वामियों से अपील की गई है कि वे नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर राजस्व निरीक्षक राजेश पटेल से संपर्क कर अपना मोबाइल नंबर पोर्टल पर अपडेट कराएं।मोबाइल नंबर दर्ज होने के बाद भवन स्वामियों को गृहकर, जलकर, बकाया राशि, भुगतान की अंतिम तिथि समेत अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां फोन कॉल या एसएमएस के माध्यम से समय-समय पर मिलती रहेंगी।
डिजिटल सेवाओं से आसान होगी व्यवस्था
नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि ई-नगर सेवा पोर्टल के माध्यम से नागरिकों और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। साथ ही कर भुगतान की प्रक्रिया आसान और पारदर्शी बनेगी।नगर पालिका ने सभी भवन स्वामियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना मोबाइल नंबर अपडेट कराएं, जिससे डिजिटल सेवाओं का पूरा लाभ लिया जा सके।

