बलरामपुर। सावन मास के पहले सोमवार पर सोमवार को जिलेभर के शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। भक्तों ने जल, दूध, बेलपत्र और पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान भोलेनाथ की आराधना की और परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।नगर क्षेत्र के झारखंडी मंदिर, झारखंडेश्वर मंदिर, उतरौला स्थित दुखहरन नाथ मंदिर, पचपेड़वा के शिवगढ़ धाम और तुलसीपुर स्थित देवीपाटन परिसर के शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। मंदिर परिसर पूरे दिन हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजते रहे।श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रुद्राभिषेक कराया। सावन के पहले सोमवार को लेकर मंदिरों में विशेष सजावट और पूजन की व्यवस्था की गई थी। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिरों के आसपास पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखा गया।श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेंद्र कुमार ने दुखहरन नाथ शिव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने, श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
धार्मिक स्थलों पर बढ़ाई गई निगरानी
पुलिस के अनुसार, श्रावण मास के दौरान जिले के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण और सुगम दर्शन की सुविधा मिल सके।पहले सावन सोमवार पर जिलेभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से शाम तक शिवालयों में भक्तों की आवाजाही बनी रही और पूरा वातावरण शिवमय नजर आया।

