बलरामपुर। सरकारी स्कूलों में भी अब बच्चों को निजी स्कूलों जैसी सुविधाएं मिलने लगी हैं। सदर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय फरेंदा में ग्राम पंचायत के सहयोग से आधुनिक सुविधाओं से लैस वातानुकूलित कक्षा कक्ष तैयार किया गया है। यहां बच्चे अब एसी माहौल में डिजिटल स्क्रीन के जरिए पढ़ाई करेंगे।जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के निर्देशन में ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में शैक्षिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में फरेंदा प्राथमिक विद्यालय में तैयार किए गए नए कक्षा कक्ष में बच्चों के लिए एसी, बड़ी डिजिटल स्क्रीन और व्यवस्थित डेस्क-बेंच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
वीडियो और डिजिटल कंटेंट से होगी पढ़ाई
नई कक्षा में डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से बच्चों को पाठ्य सामग्री वीडियो और चित्रों के जरिए समझाई जाएगी। इससे कठिन विषय भी बच्चों के लिए आसान और रोचक बनेंगे। शिक्षकों को भी पढ़ाने में सहूलियत मिलेगी और बच्चों की सहभागिता बढ़ेगी।

बढ़ेगा स्कूल आने का उत्साह
अधिकारियों का कहना है कि बेहतर माहौल मिलने से बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ेगी। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह कक्षा सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में अहम कदम है।
गांव के स्कूल की बदली तस्वीर
फरेंदा प्राथमिक विद्यालय में हुई यह पहल ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की एक मिसाल बन रही है। ग्राम पंचायत के सहयोग से तैयार इस आधुनिक कक्ष से यह संदेश भी जा रहा है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को भी बेहतर और तकनीक आधारित शिक्षा का अधिकार मिल सकता है।

