बलरामपुर। महारानी लाल कुंवरि पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को एंटी-रैगिंग सेल ने विभिन्न कक्षाओं में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम प्राचार्य प्रो. जे.पी. पांडेय के निर्देशन में हुआ।एंटी-रैगिंग सेल की संयोजक प्रो. वीणा सिंह ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय में रैगिंग के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति लागू है। उन्होंने छात्रों से बिना किसी भय के पढ़ाई पर ध्यान देने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रकोष्ठ से संपर्क करने की अपील की।
एंटी-रैगिंग सेल ने किया छात्र संवाद
कार्यक्रम में प्रकोष्ठ के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार मौर्य, डॉ. प्रखर त्रिपाठी, डॉ. के.के. सिंह तथा श्री राम आसरे गौतम ने विद्यार्थियों को रैगिंग की कानूनी परिभाषा, इसके दुष्परिणाम और नियमों के उल्लंघन पर होने वाली सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी दी। साथ ही शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और सहायता उपलब्ध कराने के तरीकों से भी अवगत कराया।
नए छात्रों को किया जागरूक
छात्र-छात्राओं को बताया गया कि परिसर या छात्रावास में किसी भी प्रकार की मानसिक अथवा शारीरिक प्रताड़ना की स्थिति में वे तत्काल एंटी-रैगिंग सेल के सदस्यों से संपर्क करें। इस दौरान राष्ट्रीय एंटी-रैगिंग हेल्पलाइन 1800-180-5522 की जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत करना रहा।

