बलरामपुर। परिवार नियोजन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले में मंगलवार से विशेष जागरूकता अभियान शुरू हो गया। कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन गांव-गांव पहुंचकर छोटे परिवार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों के बारे में लोगों को जागरूक करेगी।
गांव-गांव पहुंचेगा जागरूकता अभियान
परिवार कल्याण विभाग की ओर से मोबियस फाउंडेशन और पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से संचालित इस अभियान के तहत लोगों को परिवार नियोजन की अस्थायी एवं स्थायी विधियों, जन्म अंतराल के लाभ और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रचार सामग्री और जनसंपर्क के माध्यम से भी व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर
डीएम विपिन कुमार जैन ने आशा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में परिवार नियोजन कार्यक्रम की सफलता काफी हद तक उनकी सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने आशाओं को परिवार नियोजन से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने, योग्य दंपत्तियों को सही परामर्श देने और सरकारी सेवाओं की जानकारी हर पात्र परिवार तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, आशा कार्यकर्ता और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अभियान के माध्यम से छोटे परिवार और स्वस्थ जीवन का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

