बलरामपुर। माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र से पहले शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी तेज हो गई है। बुधवार को कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह की अध्यक्षता में हुई कार्यपरिषद की ऑनलाइन बैठक में विभिन्न विभागों और स्कूलों में गेस्ट फैकल्टी (अतिथि शिक्षकों) की नियुक्ति को मंजूरी दे दी गई। अब विभागों की आवश्यकता के अनुसार कुलपति गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति कर सकेंगे।बैठक में विश्वविद्यालय में सृजित पदों से संबंधित शासनादेशों का भी अनुमोदन किया गया। कार्यपरिषद ने माना कि नियमित शिक्षकों की उपलब्धता और शैक्षणिक जरूरतों को देखते हुए विभागों में अतिरिक्त शिक्षकों की आवश्यकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कुलपति को नियुक्ति का अधिकार सौंपा गया है।
अधिकतम 40 हजार रुपए प्रतिमाह तक भुगतान
बैठक में यह भी तय किया गया कि गेस्ट फैकल्टी का चयन उच्च शिक्षा विभाग और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप होगा। उन्हें प्रति लेक्चर 1000 रुपए का मानदेय दिया जाएगा, जबकि एक माह में अधिकतम 40 हजार रुपए तक भुगतान किया जा सकेगा।कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति से सभी विभागों में नियमित पढ़ाई सुनिश्चित होगी और नए सत्र में अकादमिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
विभागों की जरूरत पर होगा चयन
बैठक में कुलसचिव परमानंद सिंह सहित कार्यपरिषद के सदस्य प्रो. संदीप कुमार श्रीवास्तव, प्रो. संजय कुमार पांडे, प्रो. सूर्यभान रावत, डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. ओम प्रकाश सोनी, डॉ. विनय सक्सेना, प्रो. प्रिया मुखर्जी, प्रो. धर्मेंद्र शुक्ला, प्रो. जेपी पांडेय, प्रो. जितेंद्र सिंह, प्रो. अरविंद कुमार द्विवेदी, प्रो. अभय कुमार श्रीवास्तव और प्रो. प्रेम कुमार सिंह ने भाग लिया। बैठक में अन्य प्रशासनिक और शैक्षणिक प्रस्तावों पर भी सहमति दी गई।
