बलरामपुर। बारिश के मौसम में सफाई और जल निकासी व्यवस्था संभालने वाले नगर पालिका कर्मचारियों को अब बारिश में काम करने में सहूलियत होगी। नगर पालिका परिषद बलरामपुर की ओर से कर्मचारियों को रेनीकोट वितरित किए गए। अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ और अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्य की मौजूदगी में कर्मचारियों को रेनीकोट दिए गए।अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने कहा कि नगर पालिका के कर्मचारी बारिश, गर्मी और अन्य मुश्किल परिस्थितियों में भी सफाई, जल निकासी और कूड़ा उठाने का काम करते हैं। बारिश में काम करते समय कर्मचारियों को परेशानी न हो, इसलिए रेनीकोट उपलब्ध कराए गए हैं।उन्होंने कहा कि जलभराव, नालियों की सफाई और कूड़ा उठाने के दौरान रेनीकोट कर्मचारियों को बारिश से बचाने में मदद करेंगे। नगर पालिका की ओर से कर्मचारियों को जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

जलभराव और नालियों की सफाई पर रहेगा फोकस
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कर्मचारियों से बारिश के दौरान सफाई और जल निकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए शहरवासियों को बेहतर नगर सेवाएं देने की अपील की।इस दौरान कार्यालय अधीक्षक नरेंद्र कुमार, जेई जल धर्मेंद्र गौड़, राम नारायण यादव समेत नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।

