लखनऊ। गोमतीनगर में गुरुवार दोपहर एक बैंककर्मी ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद करीब दो किलोमीटर दूर अपने किराए के मकान पर पहुंचा और बहन को भी गोली मार दी। आखिर में आरोपी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में पत्नी, बहन और आरोपी की मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थी। दिव्या यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा की बहन थी।गुरुवार दोपहर उसके पति मानस बाजपेई ने उसे फोन किया और बैंक के बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसी दौरान मानस ने कथित तौर पर पत्नी को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर बैंककर्मी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दिव्या खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी थी। वारदात के बाद आरोपी वहां से निकल गया।
2 किमी दूर घर पहुंचा, बहन को कमरे में मारी गोली
पत्नी को गोली मारने के बाद मानस सीधे हुसड़िया चौराहे के पास स्थित अपने किराए के मकान पहुंचा। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह काफी घबराया हुआ था और पसीने से भीगा था। घर में पहुंचने के बाद उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।कुछ देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज आई। जांच में सामने आया कि मानस ने अपनी बहन सीबा को गोली मार दी थी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली।
वॉट्सऐप स्टेटस में लिखा- पत्नी ने मुझे धोखा दिया
पुलिस को आरोपी के वॉट्सऐप स्टेटस की जानकारी भी मिली है। इसमें उसने पत्नी की हत्या करने की बात लिखी थी। साथ ही बहन और खुद को भी मारने का जिक्र किया था। पुलिस इस स्टेटस को जांच का हिस्सा बनाकर घटना की वजह और आरोपी की मानसिक स्थिति से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
एक साल पहले तलाक के लिए कोर्ट पहुंची थी पत्नी
दिव्या और मानस के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, दिव्या ने करीब एक साल पहले पति से तलाक के लिए कोर्ट में अपील दायर की थी। इसके बाद वह आलमबाग में अलग रह रही थी। वहीं मानस अपनी बहन के साथ हुसड़िया चौराहे के पास किराए के मकान में रहता था।
पुलिस खंगाल रही CCTV और डिजिटल साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने दोनों स्थानों से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस बैंक के बाहर और आरोपी के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मोबाइल फोन और वॉट्सऐप से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह क्या थी, यह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
