बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे शिकायतकर्ताओं और आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। एएसपी ने प्रत्येक प्रकरण पर विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।एएसपी विशाल पाण्डेय ने सभी संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयबद्ध, प्रभावी और विधिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीमें करेंगी निरीक्षण
राजस्व से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए। टीमों को संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। एएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त मामलों की कार्रवाई प्रभावी ढंग से पूरी की जाए।

