बलरामपुर। सेंट जेवियर्स डिज्नी वर्ल्ड स्कूल में किंडरगार्टन के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास, उमंग और भक्तिभाव के साथ मनाया। राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर कृष्णमय हो उठा।कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण के पूजन और वंदना से हुई। इसके बाद राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मोर मुकुट, हाथ में बांसुरी और आकर्षक पोशाक में सजे नन्हे कान्हा तथा राधा के रूप में सजी बालिकाएं सभी के आकर्षण का केंद्र रहीं।बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित गीत ‘कृष्णा है’ पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद ‘मच गया शोर सारी नगरी में’ गीत पर बच्चों की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को उत्साह और उल्लास से भर दिया। नन्हे-मुन्नों की मासूम अदाओं और शानदार तालमेल पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

मटकी फोड़कर दिखाई कृष्ण की बाल लीला
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। नन्हे कृष्णों ने उत्साहपूर्वक मटकी फोड़कर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को जीवंत कर दिया। इस दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बना। शिक्षिकाओं ने बच्चों को श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी बाल लीलाओं तथा प्रेम, मित्रता, सत्य और धर्म के महत्व के बारे में सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी।
नन्हे कान्हाओं की प्रस्तुतियों पर गूंजी तालियां
विद्यालय की निदेशिका इशिका कुमार ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता बढ़ाने के साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। विद्यालय की समन्वयक ने भी बच्चों और शिक्षिकाओं को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और आयोजन की सफलता के लिए सभी के प्रयासों की सराहना की।कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को टॉफी वितरित की गई। ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयघोष से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा। नन्हे-मुन्नों की प्रस्तुतियों से सजा जन्माष्टमी समारोह सभी के लिए आनंद और उल्लास से भरा यादगार अवसर बन गया।

