बलरामपुर। क्रेडिट कार्ड से बिना जानकारी के 1.73 लाख रुपए कटने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 34,870 रुपए पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया। पुलिस के अनुसार, पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से 26 मई 2026 को बिना जानकारी के 1,73,982 रुपए कट गए थे। इसके बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली नगर की साइबर हेल्पडेस्क ने मामले की तकनीकी जांच शुरू की।पुलिस ने संबंधित बैंक के नोडल अधिकारी से संपर्क कर रकम को लेकर आवश्यक कार्रवाई की। जांच पूरी होने के बाद न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 34,870 रुपए पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए गए।
साइबर टीम ने की कार्रवाई
रकम वापस कराने की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा, साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक अनुज कुमार यादव, हेड कांस्टेबल आकाश पाण्डेय, कांस्टेबल नितीश मौर्या, महिला कांस्टेबल ज्योति मिश्रा और महिला कांस्टेबल ज्योति राना शामिल रहे।रकम खाते में पहुंचने के बाद पीड़ित ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और पूरी टीम को धन्यवाद दिया।
ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल
बलरामपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस के मुताबिक, समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को होल्ड कराने और कानूनी प्रक्रिया के जरिए वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।

