बलरामपुर। पॉयनियर पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव और आरती से हुई। प्रबंध निदेशक डॉ. एमपी तिवारी, प्रबंधक इंजीनियर आकाश तिवारी, निदेशक प्रकृति तिवारी और उप प्रधानाचार्या शिखा पांडेय ने भगवान श्रीकृष्ण की आरती उतारकर माल्यार्पण किया। इसके बाद शिक्षकों ने भी पूजा-अर्चना कर पुष्प अर्पित किए। भगवान को फल और मिठाई का भोग लगाकर प्रसाद बच्चों और शिक्षकों में बांटा गया।
बच्चों ने दी कृष्ण-राधा की मनमोहक प्रस्तुति
जन्माष्टमी पर विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। नर्सरी से यूकेजी तक के बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में समूह नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा एक के बच्चों ने भी समूह नृत्य के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। कक्षा पांच की छात्राओं ने ‘कान्हा बरसाने में आ जाइयो’ गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया।
सुदामा चरित्र ने दिखाई दोस्ती की मिसाल
कक्षा दो और तीन के बच्चों ने सुदामा चरित्र पर आधारित लघु नाटक प्रस्तुत किया। इसमें श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता को सुंदर ढंग से दिखाया गया। कक्षा चार के बच्चों ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। नर्सरी से कक्षा पांच तक के बच्चों ने राधा-कृष्ण, सुदामा, द्वारपाल और गोपियों की वेशभूषा में प्रस्तुति दी।

दही हांडी फोड़कर मनाई खुशी
विद्यालय के ऑडिटोरियम में श्रीकृष्ण और राधा की आकर्षक झांकी सजाई गई। झांकी में भगवान श्रीकृष्ण और राधा को झूले में झुलाया गया। इसके बाद किड्स जोन में दही हांडी कार्यक्रम हुआ। इसमें बच्चों ने उत्साह से हिस्सा लिया। श्रीकृष्ण की भूमिका निभा रहे राम ने दही हांडी फोड़ी, जिसके बाद बच्चों ने खुशी मनाई।
बच्चों को बताया जन्माष्टमी का महत्व
प्रबंध निदेशक डॉ. एमपी तिवारी ने बच्चों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और कंस के अत्याचार से जुड़ी कथा बताते हुए पर्व के धार्मिक महत्व को समझाया। अंत में उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्या शिखा पांडेय समेत विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

