लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा संगठन को नए सिरे से मजबूत करने में लगी है। प्रदेश और क्षेत्रीय कार्यकारिणी में बदलाव के बाद अब जिलों के प्रभारियों में भी फेरबदल की चर्चा तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए नए समीकरणों के आधार पर जिला प्रभारियों की जिम्मेदारियां तय की जा सकती हैं। इसमें प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर पर हुए बदलावों की छाप भी दिखाई दे सकती है।भाजपा में पिछले कुछ महीनों से संगठनात्मक बदलाव का दौर जारी है। 16 मार्च को मुरादाबाद महानगर कार्यकारिणी और दो अप्रैल को जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया था। दोनों स्तरों पर हुए बदलाव में जातीय संतुलन साधने की कोशिश की गई। पदाधिकारियों के चयन को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच खींचतान की चर्चा भी सामने आई थी। इसके बाद 25 जून को प्रदेश कार्यकारिणी में बड़े स्तर पर बदलाव किया गया।
क्षेत्रीय कार्यकारिणी के बाद अब जिला प्रभारियों पर नजर
तीन दिन पहले ही क्षेत्रीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें मुरादाबाद और संभल को जगह नहीं मिली। अब संगठन में चल रहे बदलाव के अगले चरण में जिला प्रभारियों की जिम्मेदारियां बदले जाने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी के अंदर इसे लेकर सुगबुगाहट तेज है।
पुराने समीकरणों के आधार पर बने प्रभारियों की हो सकती है छुट्टी
पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश और क्षेत्र की पुरानी कार्यकारिणी के प्रभाव में बनाए गए जिला प्रभारियों की समीक्षा की जा रही है। नए प्रदेश और क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल रखने वाले नेताओं को जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है। ऐसे में कई जिलों में प्रभारी बदल सकते हैं।
टिकट के दावेदारों की बढ़ी बेचैनी
संगठन में लगातार हो रहे बदलाव का सीधा असर विधानसभा चुनाव के टिकट के दावेदारों पर भी पड़ रहा है। नए प्रभारी और पदाधिकारी आने की संभावना के बीच दावेदारों ने भी अपने संपर्क बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। हर स्तर पर अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए नए पैरोकार तलाशे जा रहे हैं।
प्रदेश से दिल्ली तक पैरोकारी की तैयारी
टिकट की दौड़ में शामिल दावेदार अब क्षेत्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी के साथ अपने संबंध मजबूत करने में जुटे हैं। माना जा रहा है कि प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर से मिलने वाली सिफारिशें ही आगे चलकर दिल्ली में संसदीय बोर्ड तक पहुंचने वाले नामों में अहम भूमिका निभा सकती हैं। यही वजह है कि संगठन में होने वाला हर बदलाव दावेदारों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मंडल में मौजूदा जिला प्रभारियों की जिम्मेदारी
मुरादाबाद महानगर के प्रभारी मोहनलाल सैनी हैं, जो रामपुर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष हैं। मुरादाबाद जिले की जिम्मेदारी राजेश यादव के पास है, जो भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष हैं। बिजनौर के प्रभारी हरिओम शर्मा हैं, जो क्षेत्रीय कार्यकारिणी के पूर्व महामंत्री रह चुके हैं। संभल में हेमंत राजपूत, अमरोहा में राजीव सिसोदिया और रामपुर में राजा वर्मा प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को नए सिरे से साधने की कवायद
भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल के मुताबिक प्रदेश और क्षेत्रीय कार्यकारिणी का गठन हो चुका है और संगठन में बदलाव की प्रक्रिया चल रही है। विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को नए सिरे से तैयार किया जा रहा है। ऐसे में जिला प्रभारियों में भी बदलाव संभव है।

