बहराइच। सिविल लाइंस स्थित होटल अवध कैलाश के कमरे में फंदे से लटके मिले पिंकी शर्मा (46) और रिंकू (27) की मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान नए तथ्य सामने आए हैं। पिंकी के पति विजय शर्मा का दावा है कि वह रिंकू को अपना मुंह बोला भाई बताती थी और रक्षाबंधन पर उनकी मौजूदगी में उसे राखी भी बांधी थी। हालांकि, बाद की घटनाओं और सामने आए तथ्यों के आधार पर दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले में मोबाइल और होटल से जुड़े रिकॉर्ड समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। परिजनों के मुताबिक श्रावस्ती के मालीपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर कथरा माफी निवासी रिंकू अगस्त में पिंकी के घर के सामने किराये पर रहने आया था। उसका पिंकी के घर आना-जाना था। पति विजय के पूछने पर पिंकी ने उसे अपना मुंह बोला भाई बताया था।विजय शर्मा के अनुसार रक्षाबंधन पर पिंकी ने उनकी मौजूदगी में रिंकू को राखी बांधी थी। रिंकू ने भी उसे उपहार दिया था। विजय का कहना है कि रिंकू के बार-बार घर आने पर उन्होंने आपत्ति जताई थी, लेकिन पिंकी के उसे भाई बताए जाने के कारण उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
14 सितंबर को बच्चों को रुपये देकर निकले
विजय के मुताबिक 14 सितंबर की शाम रिंकू घर आया था। उसने बच्चों परी और जीवांस को 200 रुपये दिए और मोमोज लाने के लिए बाहर भेज दिया। बच्चों के बाहर जाते ही रिंकू पिंकी को साथ लेकर चला गया। देर रात तक पिंकी के वापस नहीं लौटने पर विजय ने फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला।विजय का दावा है कि पिंकी घर से करीब एक लाख रुपये नकद और जेवर समेत करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति लेकर गई थी।
30 सितंबर को मांगे 80 हजार रुपये
पिंकी की तलाश के दौरान विजय ने रिंकू से संपर्क किया। उनका दावा है कि रिंकू ने पहले पिंकी के साथ होने से इनकार किया, लेकिन 30 सितंबर को फोन कर उसके साथ होने की बात स्वीकार की। विजय के मुताबिक रिंकू ने 80 हजार रुपये देने पर पिंकी को वापस भेजने की बात कही।इसके बाद रिंकू ने पिंकी से भी विजय की बात कराई। विजय के अनुसार पिंकी ने भी रुपये भेजने की बात कही। इसके बाद दोनों के मोबाइल बंद हो गए।
22 सितंबर को होटल पहुंचे थे दोनों
पुलिस के अनुसार दोनों 22 सितंबर को बहराइच पहुंचे थे और सिविल लाइंस स्थित होटल अवध कैलाश में कमरा लिया था। बाद में दोनों के शव होटल के कमरे में फंदे से लटके मिले। पुलिस होटल के रिकॉर्ड, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
शादी के करीब दो महीने बाद रिंकू की मौत
रिंकू के चचेरे भाई राम प्रगट यादव के मुताबिक वह नोएडा में ठेके पर लाइनमैन का काम करता था। उसकी शादी इसी साल 11 जुलाई को हुई थी। शादी के बाद उसकी पत्नी की विदाई नहीं हुई थी। परिवार के अनुसार रिंकू एक अगस्त को नोएडा चला गया था और वहां पहुंचने के बाद फोन कर परिजनों को जानकारी दी थी।
पुलिस जुटा रही है डिजिटल साक्ष्य
पिंकी और रिंकू की मौत के पीछे की पूरी वजह अभी पुलिस जांच का विषय है। दोनों के मोबाइल फोन, होटल में ठहरने के रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है
