लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश की आठ राज्यसभा सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए सोमवार को आठ प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए। सूची में प्रदेश सरकार के मंत्री, संगठन के पदाधिकारी, पूर्व सांसद-विधायक, वरिष्ठ अधिवक्ता और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े चेहरे शामिल हैं। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होना है।
भाजपा ने धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को प्रत्याशी बनाया है।
ये है आठ प्रत्याशी

-
धर्मपाल सिंह बरेली की आंवला सीट से विधायक और प्रदेश सरकार में पशुधन मंत्री हैं। वह लंबे समय से भाजपा की सक्रिय राजनीति में हैं।
-
राधाकांत ओझा इलाहाबाद हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। वह इलाहाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
-
प्रकाश पाल भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। इससे पहले वह कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में संगठन की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
-
विद्यासागर सोनकर जौनपुर के मछलीशहर से लोकसभा सांसद रह चुके हैं। वह विधान परिषद सदस्य और भाजपा प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
-
गोपी कृष्ण पांडेय भाजपा के वरिष्ठ संगठनकर्ता हैं और लंबे समय से पार्टी के संगठनात्मक कामकाज से जुड़े रहे हैं।
-
प्रियंका सिंह रावत बाराबंकी से 16वीं लोकसभा की सदस्य रह चुकी हैं। वह भाजपा की सक्रिय महिला नेताओं में शामिल हैं और वर्तमान में प्रदेश संगठन में भी जिम्मेदारी निभा रही हैं।
-
राम प्रताप सिंह चौहान एत्मादपुर से 2017 से 2022 तक विधायक रहे हैं। वह वर्तमान में भाजपा प्रदेश महामंत्री हैं।
-
श्रुति गंगवार बरेली की अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की चेयरपर्सन हैं। वह राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी हैं और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं।
केंद्रीय मंत्री को नहीं मिली जगह
भाजपा की सूची में दो महिला चेहरों को भी जगह मिली है। इसके साथ ही संगठन में लंबे समय से काम कर रहे नेताओं को राज्यसभा भेजने का संदेश भी दिखता है। पार्टी ने वर्तमान राज्यसभा सदस्य हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया है।
